महाराष्ट्र के अंबरनाथ में सियासी हलचल तेज हो गई है. नगराध्यक्ष तेजस्वी करजुले समेत BJP के सभी पार्षदों ने ठाणे स्थित उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास पर उनसे मुलाकात की. इस घटनाक्रम के बाद नगरपालिका में सत्ता परिवर्तन की अटकलें लगने लगी हैं. अंबरनाथ में नगराध्यक्ष BJP की हैं, जबकि पार्षदों की संख्या के लिहाज से शिंदे गुट की शिवसेना सबसे बड़ा दल बताई जा रही है.
महाराष्ट्र के अंबरनाथ की राजनीति में अचानक हलचल तेज हो गई है. यहां नगराध्यक्ष तेजस्वी करजुले समेत भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी पार्षदों ने ठाणे स्थित उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की. इस अप्रत्याशित मुलाकात के बाद अंबरनाथ नगरपालिका में सत्ता के समीकरण बदलने की अटकलें तेज हो गई हैं. हालांकि, इस मुलाकात का असली मकसद अभी स्पष्ट नहीं है.
अंबरनाथ नगरपालिका की राजनीति का गणित दिलचस्प है. यहां फिलहाल BJP की तेजस्वी करजुले नगराध्यक्ष हैं, लेकिन पार्षदों की संख्या के लिहाज से एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना सबसे बड़ा दल बताई जा रही है. ऐसे में स्थानीय सत्ता को लेकर दोनों दलों के बीच समीकरण महत्वपूर्ण हो जाते हैं.
पिछले कुछ दिनों से अंबरनाथ में बीजेपी और शिवसेना के बीच स्थानीय स्तर पर मतभेदों की चर्चाएं थीं. इसी बीच अजित पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का समर्थन शिवसेना को मिलने की बात भी सामने आई है. इन परिस्थितियों में नगरपालिके की सत्ता को लेकर नए समीकरण बनने की अटकलें लगाई जा रही हैं.

